दोपहर बाद दो बजे बीएसई सेंसेक्स 490.88 अंक यानी 0.58% की गिरावट के साथ 83,568.02 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान रिलायंस पावर का शेयर 0.65% की तेजी के साथ 69.45 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 71.70 रुपये तक गया। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 76.49 रुपये तक गया। कंपनी का शेयर 11 जून को इस स्तर तक पहुंचा था। इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 25.76 रुपये हैं।
कंपनी की योजना
रिलायंस पावर 1,500 मेगावाट की गैस आधारित बिजली परियोजना स्थापित करने की योजना बना रही है। सूत्रों ने बताया कि कंपनी इस संबंध में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बोलियों में भाग ले रही है। रिलायंस पावर ने कुवैत, यूएई और मलेशिया में गैस आधारित बिजली परियोजनाओं के लिए बोलियां दाखिल की हैं। कंपनी ने हाल ही में भूटान में दो बड़ी बिजली परियोजनाएं हासिल की हैं।इनमें एक 500 मेगावाट की सौर परियोजना है जबकि दूसरी 770 मेगावाट की पनबिजली परियोजना है। प्रस्तावित परियोजना से रिलायंस पावर के बही-खाते में महत्वपूर्ण बदलाव आने की उम्मीद है क्योंकि कंपनी का उद्देश्य इन परिसंपत्तियों का मॉनिटाइजेशन करके 2,000 करोड़ रुपये लाने का है।











