10 करोड़ की गाड़ी में बैठकर शॉपिंग के लिए पहुंचे अनंत अंबानी, देश में केवल तीन लोगों के पास है यह कार
नई दिल्ली: भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने यह वीडियो पोस्ट किया है। इसमें अनंत अंबानी 10 करोड़ रुपये की गाड़ी में बैठकर दुबई में शॉपिंग करने पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच वह एक ओरेंज रॉल्स-रॉयस कलिनन ब्लैक बेज (Rolls Royce Cullinan Black Badge) में बैठकर दुबई मॉल में आते हैं। उनकी सुरक्षा में 20 गाड़ियों का एक काफिला है। हुरून इंडिया लग्जरी कंज्यूमर सर्वे 2023 के मुताबिक लग्जरी एसयूवी में रॉल्स-रॉयस कलिनन भारतीयों की पहली पसंद है। कंपनी ने अपनी Cullinan Black Badge कार 2020 में भारत में लॉन्च की थी। भारत में इसकी कीमत करीब 8.2 करोड़ रुपये है। टैक्स लगाकर इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बैठती है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान के पास भी यह गाड़ी है।











