पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलट गई अल्टो कार, बिहार से रेप आरोपी को ला रहे गाजियाबाद के 2 SI समेत 4 घायल
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को सुबह दस बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां माइल्स 97 पर एक अल्टो कार पलट गई। गाड़ी में बैठे गाजियाबाद में तैनात दो उप निरीक्षक, बलात्कार के आरोपी समेत गाड़ी का चालक घायल हो गया। सभी को PRV टीम और यूपीडा की टीम ने पिठला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी और चालक को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया हैजानकारी के अनुसार, बिहार के रोहतास थाना क्षेत्र के डेहरी निवासी विश्वकांत पर रेप का मामला दर्ज था। उसे गिरफ्तार करने के लिए उप निरीक्षक अतुल कुमार और उप निरीक्षक विपिन कुमार बिहार गए। आरोपी को गिरफ्तार कर वे अल्टो कार से लेकर उसे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते गाजियाबाद जा रहे थे। कार को चालक वसीम चला रहा था। कार जब एक्सप्रेस-वे पर माइल्स 97 पर पहुंची कि एकाएक चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा कर कई बार पलट गई।











