भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा की 20 वर्ष से सरकार है। टिकट वितरण से लेकर अपेक्षित मान-सम्मान न मिलने के कारण कुछ कार्यकर्ता नाराज भी हैं। इनकी नाराजगी दूर करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में संभागवार बैठकें कर रहे हैं। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को उत्साहित करना है ताकि वे पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतर जाएं। पिछले वर्ष भी शाह ने आदिवासियों को संदेश देने के लिए जबलपुर में जनसभा की थी। कमल नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा जिले में शाह दो बार सभा कर चुके हैं। वे तीन दिन में विंध्य, बुंदेलखंड, महाकोशल, मध्य भारत, मालवा- निमाड़ और ग्वालियर-चंबल अंचल में संभागवार बैठकें कर पार्टी की विजय सुनिश्चित करेंगे।
अमित शाह आज करेंगे इंदौर और ग्वा लियर-चंबल संभाग की बैठक
अमित शाह सोमवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर, विजय नगर में इंदौर संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर ढाई बजे होटल रेडीसन सिटी सेंटर ग्वालियर में ग्वालियर -चंबल संभाग की संभागीय बैठक करेंगे।
10 संभागों में बैठक कर चुनावी विजय सुनिश्चित कर रहे शाह
विंध्य क्षेत्र में सात जिले सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भाजपा की स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह इस साल कार्यक्रम में कई सौंगाते दे चुके हैं। इसी तरह बुंदेलखंड क्षेत्र में छह जिले निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर में भी भाजपा जातिगत समीकरण को साधने विभिन्न कार्यक्रम कर चुकी है।
महाकोशल अंचल में जबलपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी मंडला और बालाघाट में आदिवासी जननायकों को आगे रखकर आदिवासी वोटबैंक साध रही है। मध्य भारत में आठ जिले भोपाल, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कई सौंगाते दी गई हैं।
मालवा के 11 जिले नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, इंदौर, देवास, उज्जैन, शाजापुर और आगर एवं निमाड़ अंचल के बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर को साधने अमित शाह सोमवार को संभावार बैठक करेंगे।
ग्वालियर चंबल के आठ जिले ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, अशोकनगर, गुना में भाजपा का पूरा फोकस है। यहां से भाजपा को कई बड़े नेता मिले हैं और इस विधानसभा चुनाव में पार्टी का फोकस ग्वालियर-चंबल पर ही है। अमित शाह ने इसी अंचल से पार्टी के सदस्यता अभियान का शंखनाद किया था, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी ग्वालियर अंचल में कार्यक्रम ककर चुके हैं।
अंचलवार विधानसभा सीटें
विंध्य-- 30
बुंदेलखंड-- 26
महाकोशल-- 38
मध्य भारत-- 36
मालवा-- 50
निमाड़-- 16
ग्वालियर-चंबल-- 34











