लेख में आगे पीएम मोदी की जीत की संभावनाओं पर चिंता जताई गई। इसने लिखा, 'उनकी दक्षिपंथी भारतीय जनता पार्टी लोकसभा में सर्वोच्च बहुमत मांग रही है। एक लक्ष्य जो सफल होने पर उन्हें अपने हिंदू-राष्ट्रवादी एजेंडे को और मजबूत करने के लिए एक अजेय जनादेश देगा, जिससे भारत धर्मनिरपेक्ष बुनियादों से दूर हटेगा।' इसने आगे लिखा, 'एशिया में भारत की रणनीतिक स्थिति और इसकी बढ़ती अर्थव्यवस्था को देखते हुए, चुनाव परिणाम इसकी सीमाओं से दूर तक दिखेंगे, विशेष रूप से अमेरिका, रूस और चीन का ध्यान आकर्षित करेंगे।'
भारत के लोकसभा चुनाव परिणाम पर अमेरिका, रूस, चीन की नजर... पीएम मोदी की वापसी की संभावना पर क्या बोला विदेशी मीडिया
वॉशिंगटन: भारत में मंगलवार को लोकसभा चुनावों का परिणाम घोषित होगा। भारत में फिर पीएम मोदी सत्ता में आएंगे या विपक्षी गठबंधन की सरकार बनेगी, इसपर पूरी दुनिया की नजर है। भारतीय चुनावों को लेकर दुनिया भर की मीडियामें लेख प्रकाशित किए जा रहे हैं। CNN ने अपनी एक खबर में लिखा, 'छह सप्ताह से ज्यादा समय तक मतदान हुआ, करोड़ों वोट पड़े और अरबों डॉलर खर्च हुए। भारत मंगलवार को एक विशाल राष्ट्रव्यापी चुनाव के बाद एक नए नेता की घोषणा करेगा। चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व के पिछले दशक पर जनमत संग्रह बन गया है।'
क्या बोला अल जजीरा
एग्जिट पोल में पीएम मोदी की तीसरी बार सरकार बनती दिख रही है। अल जजीरा ने अपने एक लेख में लिखा, 'अगर मंगलवार को चुनावी नतीजे एग्जिट पोल के हिसाब से आते हैं तो पीएम मोदी की पार्टी बीजेपी न केवल बढ़ती असमानता, रिकॉर्ड हाई बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई के मुद्दों से बाहर निकल आएगी, बल्कि 2019 के चुनाव से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। स्वतंत्र भारत में इससे पहले किसी भी पीएम ने लगातार तीन लोकसभा चुनाव हर बार बेहतर संख्या के साथ नहीं जीते।' रिपोर्ट में आगे कहा गया, 'कम से कम सात एग्जिट पोल में भविष्यवाणी की गई है कि बीजेपी और उसके सहयोगी लोकसभा की 543 में से 350-380 सीटें जीतेंगे।'











