ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'Truth Social' पर लिखा, "हमने जापान के साथ एक बहुत बड़ा समझौता किया है। शायद यह अब तक का सबसे बड़ा समझौता है। जापान, मेरे कहने पर, अमेरिका में $550 बिलियन का निवेश करेगा। इससे अमेरिका को 90% मुनाफा होगा। इस समझौते से लाखों नौकरियां पैदा होंगी - ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।" ट्रंप कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जापान अपने देश को व्यापार के लिए खोलेगा, जिसमें कार और ट्रक, चावल और कुछ अन्य कृषि उत्पाद, और अन्य चीजें शामिल हैं। जापान अमेरिका को 15% का टैरिफ देगा।
कैसे होगा निवेश
हालांकि राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि $550 बिलियन का निवेश कैसे किया जाएगा और मुनाफे की गणना कैसे की जाएगी। अभी तक किसी भी पक्ष ने समझौते का कोई आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया है। चावल का व्यापार बातचीत में सबसे विवादास्पद विषयों में से एक था। कुछ हफ्ते पहले ट्रंप ने Truth Social पर लिखा था, "वे हमारा चावल नहीं लेंगे और फिर भी उनके पास चावल की भारी कमी है।जापान ने पिछले साल अमेरिका से $298 मिलियन का चावल आयात किया था और इस साल जनवरी और अप्रैल के बीच $114 मिलियन का आयात किया था। लेकिन अमेरिकी निर्यातकों ने लंबे समय से जापान के बाजार में प्रवेश करने में कठिनाई की शिकायत की है। कारें भी एक और मुद्दा थीं। इस महीने की शुरुआत में ट्रंप ने टिप्पणी की, "हमने उन्हें 10 वर्षों में एक भी कार नहीं दी।" हालांकि, जापान ऑटोमोबाइल इम्पोर्टर्स एसोसिएशन के आंकड़ों से पता चलता है कि जापान ने 2024 में 16,707 अमेरिकी गाड़ियों का आयात किया।











