एलिसा हीली ने अपने पति को दिया आखिरी स्थान, ब्लाइंड रैंकिंग पर मिचेल स्टार्क ने दिया मजेदार रिएक्शन
Updated on
14 Aug 2026, 12:56 PM
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रहीं एलिसा हीली का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फॉक्स क्रिकेट को दिए इंटरव्यू में हीली को क्रिकेट इतिहास के कुछ महान गेंदबाजों की ब्लाइंड रैंकिंग करनी थी। इसमें उन्हें यह नहीं पता था कि अगला नाम किस गेंदबाज का आने वाला है। सबसे पहले दिग्गज शेन वॉर्न का नाम आया। हीली ने उन्हें पहले स्थान पर नाम दिया।दूसरे नंबर पर भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम सामने आया, जिन्हें उन्होंने तीसरे स्थान पर रखा। इसके बाद एलिसा हीली के पति और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का नाम आया। हीली ने उन्हें तुरंत नंबर-5 पर रख दिया। वहीं दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा को हीली ने चौथे और पैट कमिंस को दूसरे नंबर पर रखा।वीडियो खत्म होने से पहले एलिसा हीली ने माना कि उन्होंने गड़बड़ कर दिया है लेकिन उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है। इस वीडियो पर मिचेल स्टार्क ने कमेंट भी किया। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट खेल रहे स्टार्क ने वीडियो पर लिखा- कोई चिंता नहीं।
स्टार्क सबसे सफल बाएं हाथ के बॉलर बनें
बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में टेस्ट मैच के पहले दिन मिचेल स्टार्क ने इतिहास रच दिया। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क ने यह उपलब्धि शादमान इस्लाम को पवेलियन भेजने के साथ ही हासिल की। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज रंगना हेराथ को पीछे छोड़ दिया है। इस विकेट के साथ स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 434 शिकार हो गए हैं। वहीं, हेराथ ने अपने टेस्ट करियर के दौरान 433 विकेट निकाले थे।36 साल की एलिसा हीली ने मार्च में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 162 टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 3054 जबकि 126 वनडे में 3777 रन बनाए। 11 टेस्ट में हीली के बल्ले से 502 रन निकले। वह 6 टी20 विश्व कप जबकि दो महिला विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में रहीं। हीली को दो बार आईसीसी टी20 क्रिकेट ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी मिल चुका है।