दिल्ली की तुलना में सस्ता होगा नोएडा के एयरपोर्ट से हवाई सफर, हर टिकट पर बचेंगे इतने रुपये, पूरी डिटेल

दिल्ली की तुलना में सस्ता होगा नोएडा के एयरपोर्ट से हवाई सफर, हर टिकट पर बचेंगे इतने रुपये, पूरी डिटेल
नई दिल्ली: नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट से फ्लाइट का टिकट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) की अपेक्षा काफी सस्ता होगा। बताया जा रहा है कि अधिकांश फ्लाइट के टिकटों पर 1000 से 1500 रुपये की बचत हो सकेगी। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि यूपी में एटीएफ वेट चार्ज केवल 1 प्रतिशत लगेगा जो कि दिल्ली में 25 प्रतिशत तक लगता है। यह चार्ज कम होने की वजह से जेवर में तैयार हो रहे एयरपोर्ट से हवाई सफर लोगों को सस्ता पड़ेगा। यमुना अथॉरिटी की ओर से पहले ही दावा किया गया है कि नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट से पहले ही दिन से 65 हवाई जहाज उड़ान भरेंगे।

तेजी से चल रहा काम

जेवर में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का काम तेजी से चल रहा है। दिवाली तक करीब एक हजार मजदूर और बढ़ाने की तैयारी है। दूसरी तरफ एयरपोर्ट से हाईस्पीड कनेक्टिविटी देने के विकल्पों पर भी लगातार मंथन चल रहा है। दिल्ली के आईजीआई से कनेक्टिविटी देने के लिए हाईस्पीड मेट्रो की डीपीआर होल्ड कर दी गई है।


मिलेगी इतनी छूट

अब RapidX (नमो भारत) से हाई स्पीड कनेक्टिविटी देने का विचार चल रहा है। नायल (नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) के सीईओ अरुणवीर सिंह का कहना है कि दिल्ली स्थित आईजीआई से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देना इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण होगा क्योंकि जेवर से फ्लाइट का टिकट सस्ता मिलेगा। एटीएफ वेट चार्ज यूपी में एक प्रतिशत है और दिल्ली में 25 प्रतिशत है जिसके चलते अधिकांश टिकटों पर 1000 से 1500 रुपये प्रति टिकट की छूट लोगों को मिल सकेगी।

ऐसे में तमाम यात्री ऐसे होंगे जो कि आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद आगे की यात्रा के लिए नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट आएंगे। इसका एक कारण तो टिकट सस्ता होना रहेगा और दूसरा कारण ज्यादा फ्लाइट की उपलब्धता रहेगी।
Advertisement