विशेषज्ञों की टीम ने तैयार किया खाका
इस केंद्र को सिमुलेशन, ई-लर्निंग एवं टेलीमेडिसिन समिति के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है। इसमें वरिष्ठ संचार विशेषज्ञ बीरेंद्र दास के परामर्श के साथ डीन प्रो. रजनीश जोशी, संजीव कुमार, सैकत दास और गुंजन चौकसे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्र में केवल सूचनाएं नहीं दी जाएंगी, बल्कि दृश्य-श्रव्य (वीडियो) माध्यमों से दो-तरफा बातचीत की जाएगी ताकि परिजनों के मन में उठने वाले हर सवाल का जवाब मिल सके।
समय पर इलाज से बचेगी जान
भारत में कैंसर के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए समय पर पहचान सबसे जरूरी है। ''केप'' सुविधा केंद्र लोगों को जागरूक करेगा कि वे बिना डरे समय पर जांच करवाएं। जानकारी के अभाव में होने वाली देरी को कम करके यह केंद्र न केवल मरीजों की जान बचाएगा, बल्कि इलाज के बाद भी उनकी जीवनशैली को बेहतर बनाने में मार्गदर्शन देगा। यह पहल कैंसर के उपचार को केवल एक डॉक्टरी प्रक्रिया से ऊपर उठाकर भरोसे और संवाद की दिशा में एक बड़ा कदम है।
''केप'' केंद्र की खासियतें
- सरल भाषा: डाक्टरों की कठिन शब्दावली के बजाय स्थानीय भाषा में संवाद।
- दृश्य-श्रव्य माध्यम: वीडियो के जरिए इलाज की प्रक्रिया और जीवनशैली में बदलाव की समझ।
- मानसिक संबल: बीमारी के नाम से होने वाले तनाव और सामाजिक डर को कम करना।
- भरोसे का रिश्ता: मरीज और डाक्टर के बीच बेहतर तालमेल और उपचार के सटीक निर्णय।
जीवनशैली में बदलाव के सुझाव
- तंबाकू और शराब से दूरी: कैंसर के 40 प्रतिशत मामलों की मुख्य वजह यही है।
- हेल्दी डाइट: ताजे फल और हरी सब्जियों का अधिक सेवन करें।
- नियमित व्यायाम: दिन में कम से कम 30 मिनट पैदल चलें या योग करें।
- नियमित जांच: 40 वर्ष की आयु के बाद साल में एक बार फुल बाडी चेकअप जरूर कराएं।
कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि सही जानकारी और इच्छाशक्ति से भी जीती जाती है। यह केंद्र मरीजों को सशक्त बनाएगा ताकि वे अपनी बीमारी को समझ सकें और बिना किसी डर के इलाज करा सकें।
- प्रो. माधवानंद कर, कार्यपालक निदेशक, एम्स भोपाल।











