AIADMK ने कहा-हमारे दरवाजे BJP के लिए बंद : उन्होंने हमारे नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की उनके साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे

AIADMK ने कहा-हमारे दरवाजे BJP के लिए बंद : उन्होंने हमारे नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की उनके साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे

तमिलनाडु के प्रमुख विपक्षी दल AIADMk ने बुधवार को कहा कि उसने BJP के लिए अपने दरवाजे बंद कर दिए हैं। इसके साथ ही AIADMK ने लोकसभा चुनाव के लिए अब भाजपा के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना को नकार दिया।

AIADMK के सेक्रेटरी डी जयकुमार ने कहा कि अमित शाह ने कहा था कि भाजपा के दरवाजे AIADMK के लिए खुले हैं, लेकिन जहां तक हमारा सवाल है, एक समय था जब भाजपा हमारी सहयोगी पार्टी थी, लेकिन अब हम भाजपा का विरोध करते हैं।

जयकुमार बोले- भाजपा ने दिग्गज AIADMK नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की
जयकुमार ने कहा कि भाजपा नेताओं ने द्रविड राजनीति के दिग्गज सीएन अन्नादुरई और दिवंगत AIADMK सुप्रीमो जे जयाललिता को नीचा दिखाया था। हमारी पार्टी की तरफ से लगातार इसकी निंदा करने के बाद भी उनकी तरफ से दिग्गज नेताओं की आलोचना करना बंद नहीं किया गया। हम इसे कैसे स्वीकार कर सकते हैं।

दरअसल, तमिलनाडु भाजपा प्रेसिडेंट के अन्नामलई ने कहा था कि सीएन अन्नादुरई ने 1950 में मदुरई में एक इवेंट में हिंदू धर्म के खिलाफ टिप्पणी की थी। वहीं, अन्नामलई ने बिना जयललिता का नाम लिए कहा था कि 1991 से 1996 के बीच तमिलनाडु में कई नेता भ्रष्ट थे, जिसकी वजह से राज्य के मुख्यमंत्रियों पर कोर्ट में दोषी पाए गए थे और तमिलनाडु देश के सबसे भ्रष्ट राज्यों में से एक गिना जाने लगा था।

भाजपा नेता अन्नामलई बोले- अमित शाह ने सभी पार्टी को न्योता दिया है
इसे लेकर तमिलनाडु भाजपा प्रेसिडेंट के अन्नामलई ने कहा कि अमित शाह ने विशेष रूप से AIADMK का नाम नहीं लिया था। उन्होंने उन पार्टियों अपने साथ जुड़ने के लिए कहा था, जिन्हें PM मोदी की लीडरशिप स्वीकार है। अन्नामलई ने कहा कि DMK अलायंस की पार्टियों को अमित शाह के न्योते में क्यों शामिल न किया जाए। DMK अलायंस की पार्टियां भी चाहें तो NDA में जुड़ सकती हैं।

जयकुमार बोले- अन्नामलई पर कार्रवाई हो तो भी भाजपा से नहीं जुड़ेंगे
जयकुमार ने कहा कि AIADMK के कैडर और हमारे लोग भाजपा के साथ गठबंधन करने के खिलाफ थे। जब हमने भाजपा से गठबंधन तोड़ा तो पार्टी वर्कर्स ने राज्य में पटाखे फोड़े। इससे उनकी भावनाएं जाहिर होती हैं। वे भाजपा के साथ किसी तरह का अलायंस नहीं चाहते हैं। इसलिए पिछले साल पार्टी ने तय किया कि आगे आने वाले वक्त में कभी भी भाजपा के साथ कोई अलायंस नहीं करेंगे।

अब भले ही भाजपा हमारे लिए दरवाजे खोल के रखे, हमने उसके लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं। जयकुमार ने कहा कि अब भले ही भाजपा अन्नामलई के खिलाफ कार्रवाई भी कर दे, तब भी भाजपा के साथ जुड़ने का कोई सवाल पैदा नहीं होता है।


Advertisement