भोपाल। जिले में गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से उपयोग खुलेआम किया जा रहा है। इसमें गैस एजेंसी संचालक भी शामिल हैं। इसी वजह से लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता है। ऐसा ही एक मामला शाहपुरा त्रिलंगा स्थित सिद्धार्थ इंडेन गैस एजेंसी का सामने आया है। जहां संचालक द्वारा सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की टीम और नापतौल विभाग द्वारा संयुक्त रूप से यहा कार्रवाई की गई तो एजेंसी के गोदाम में 47 सिलेंडर कम मिले। इस तरह जांच के दौरान अनेक विसंगतियां मिलने पर एजेंसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
मिली ये गड़बड़ियां
जिला आपूर्ति नियंत्रक मीना मालाकार ने बताया कि त्रिलंगा शाहपुरा स्थित सिद्धार्थ इंडेन गैस एजेंसी पर बरती जा रही अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी वजह से विभाग की टीमों ने बुधवार को एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही गैस एजेंसी के गोदाम से निकले तीन लोडिंग वाहनों का परवलिया थाना में निरीक्षण किया गया, जिसमें सात घरेलू गैस सिलेंडरों में निर्धारित मानक मात्रा से कम गैस होना पाया गया। इसी तरह गोदाम के स्टाक से 47 सिलेंडर कम मिले तो वहीं सात खाली सिलेंडर अधिक मिले हैं। जबकि व्यावसायिक सिलेंडर 107 कम और दो भरे हुए कम पाए गए। इनके अलावा 47.5 किलोग्राम के भरे 25 कम और खाली 30 सिलेंडर अधिक मिले हैं। टीम ने मौके से अधिक पाए गए सिलेंडरों को जब्त किया है। एजेंसी की जांच की जा रही है। एजेंसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा।











