दुष्कर्म के बाद किशोरी को ब्लैकमेल कर ढाई लाख नकद और जेवर हड़पे

दुष्कर्म के बाद किशोरी को ब्लैकमेल कर ढाई लाख नकद और जेवर हड़पे
भोपाल। राजधानी के ऐशबाग थाना इलाके में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने लगा था। साथ ही वह ब्लैकमेल कर तीन माह में किशोरी के माध्यम से घर के ढाई लाख रुपये, जेवर सहित करीब चार लाख का माल हड़प चुका था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करते हुए नकद राशि और जेवर बरामद कर लिए हैं।


तीन माह से कर रहा था ज्यादती

ऐशबाग थाना पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी की शिकायत पर विशाल सेन नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया था। वह पिछले तीन माह से किशोरी को डरा-धमकाकर उसके साथ ज्यादती कर रहा था। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि विशाल किशोरी को बदनाम करने और उसे परिवार के लोगों की हत्या करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी कर रहा था। डर के कारण किशोरी विशाल को ढाई लाख रुपये के अलावा घर के जेवर भी सौंप चुकी थी। पुलिस ने विशाल को रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर किशोरी से हड़पे गए 2, 52,350 रुपये व सोने-चांदी के जेवर सहित चार लाख का माल बरामद कर लिया है।
Advertisement