ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण अब 21 सितंबर को, मुख्यमंत्री शिवराज ने सतर्क रहने के दिए निर्देश

ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण अब 21 सितंबर को, मुख्यमंत्री शिवराज ने सतर्क रहने के दिए निर्देश
भोपाल। प्रदेश में वर्षा की स्थिति को देखते हुए ओंकारेश्वर स्थित आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा का अनावरण अब 21 सितंबर को होगा। अभी यह 18 सितंबर को होने वाला था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन की सूचना इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दी।
उन्होंने पोस्ट किया कि महाकाल की कृपा से मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। भगवान महाकाल और भगवान ओंकारेश्वर के आशीर्वाद से मां नर्मदा स्थित बांध भर गए हैं। प्रदेश में वर्षा की स्थिति को देखते हुए हम ओंकारेश्वर स्थित भगवान आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम 18 सितंबर के स्थान पर 21 सितंबर को करने जा रहे हैं। प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम स्थल पर जारी समस्त धार्मिक अनुष्ठान अब 21 सितंबर तक अनवरत जारी रहेंगे।

सीएम ने दिए सतर्क रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़वानी, खरगोन, धार, आलीराजपुर और खंडवा जिले में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सारी टीमें सतर्क रहे। यदि किसी के अतिवृष्टि के कारण फंसने की सूचना मिलती है तो तत्काल राहत कार्य में जुट जाएं। इंदौर संभाग के कलेक्टर-कमिश्नर भी वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर जिला प्रशासन के संपर्क में है।
Advertisement