कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बिहार में आज दूसरा दिन है। राहुल गांधी मंगलवार की सुबह पूर्णिया पहुंच गए हैं। वहां उन्होंने गढबनैली नवोदय विद्यालय के बच्चों से मुलाकात की है। उसके बाद राहुल गांधी ने सीसाबाड़ी में किसान चौपाल के दौरान किसानों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि देश की सरकार अडानी, अंबानी का कर्ज माफ कर रही। लेकिन किसानों का कर्जा माफ नहीं हो रहा। राहुल गांधी इस दौरान सिर पर गमछा बांधे खटिया पर बैठे नजर आए। राहुल गांधी ने किसान के हाथ से कुल्हड़ में चाय पी। उसके बाद वो होटल के लिए रवाना हो गए।
उनके साथ कांग्रेस के सीनियर लीडर जय राम रमेश, कन्हैया कुमार, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे।
इससे पहले राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अररिया में उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि न्याय की यह महायात्रा गांधी जी के विचारों से ही प्रेरित है और जो भी उनकी विचारधारा को कुचलने की कोशिश करेंगे, वहां हम खड़े मिलेंगे।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 76 साल पहले आज ही के दिन नफ़रत फैलाने वाली शक्तियों ने महात्मा गांधी की हत्या कर दी थी। उन्हें याद करने के लिए आज सुबह बिहार के अररिया में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के कैंप स्थल पर प्रार्थना सभा आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि उस विचारधारा और उसे मानने वालों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जिन्होंने महात्मा के जीवनकाल में तो उनका विरोध किया, उन्हें नकारा और अंत में उनकी हत्या की, लेकिन अब उनकी विरासत को हथियाने का प्रयास कर रहे हैं। जो लोग गोडसे का महिमामंडन करते हैं, उन्हें 'आईडिया ऑफ इंडिया' को परिभाषित करने की इजाजत न तो दी जानी चाहिए और न ही दी जाएगी।
आज न्याय यात्रा अररिया से पूर्णिया के रंगभूमि मैदान पहुंचेगी। यहां राहुल एक घंटे तक सभा को संबोधित करेंगे। सोमवार (29 जनवरी) को उन्होंने आरएसएस और बीजेपी पर तो हमला बोला, लेकिन सीएम नीतीश कुमार को लेकर कुछ नहीं कहा।
करीब साढ़े तीन घंटे तक पूर्णिया में रहेंगे राहुल गांधी
यात्रा और जनसभा को मिलाकर राहुल गांधी करीब साढ़े तीन घंटे तक पूर्णिया में रहेंगे। दैनिक भास्कर से बात करते हुए बिहार कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि राहुल गांधी सुबह करीब 9 बजे अररिया से पूर्णिया के लिए यात्रा की शुरुआत करेंगे। उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा अररिया के अंबेडकर चौक, अररिया जीरो माइल, गैयारी अंडरपास, रामपुर चौक, कुशियार पार्क रोड, मटियारी चौक होते हुए अररिया-पूर्णिया बॉर्डर पर करीब 10 बजे प्रवेश करेगी।
जनसभा में एंट्री के लिए बनाए गए 11 गेट
रंगभूमि मैदान कार्यक्रम की देखरेख का जिम्मा संभाल रहे कांग्रेस नेता राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि राहुल गांधी की जनसभा के लिए बनाया गया मुख्य मंच 80 फीट लंबा और 40 फीट चौड़ा है। इस पर 100 चेयर्स होंगे।
जनसभा में एंट्री के लिए 11 गेट बनाए गए हैं। VVIP गेट से मुख्य लीडर्स, जबकि VIP गेट से मीडिया की एंट्री होगी। लोगों के बैठने के लिए 70 हजार कुर्सियां लगाई जा रही हैं, जबकि 30 हजार लोग खड़े होकर रंगभूमि मैदान से राहुल गांधी को सुन सकेंगे।
MP, MLA और MLC भी रहेंगे साथ
जनसभा को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने 2 लाख लोगों के जनसभा में पहुंचने का दावा किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इस जनसभा में कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, के वेणुगोपाल, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, दर्जनों एमपी, एमएलए और एमएलसी साथ रहेंगे। इसके अलावा, उन्होंने गठबंधन के साथियों दीपांकर भट्टाचार्य, डी राजा, सीताराम येचुरी, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी प्रसाद यादव नेता को भी आमंत्रित किया है।
DM और SP खुद कर रहे मॉनिटरिंग
SDPO पुष्कर कुमार ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को लेकर 155 स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा, करीब 25 अतिरिक्त पॉइंट्स बनाए गए हैं। एक हजार से अधिक पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
राहुल गांधी जिन रास्तों से गुजरेंगे, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जेड प्लस सुरक्षा होने के कारण डीएम और एसपी खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कई अहम रूटों में बदलाव किए जा रहे हैं, जिस रूट से होकर उनकी यात्रा गुजरेगी वो रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे। साथ ही जिले के बॉर्डर पर चेकिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।











