सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच कर रही नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीमें सुबह से राजस्थान और हरियाणा में छापेमारी की। शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी से मिले इनपुट के बाद NIA ने छापेमारी का प्लान तैयार किया गया था।
अधिकारियों को उम्मीद है कि हत्याकांड के पीछे कुछ और लोग भी हैं, जो जांच के दौरान सामने आए हैं। इन दोनों शूटरों का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से उन लोगों के साथ संपर्क रहा है। जानकारी के अनुसार NIA के पास में एक दूसरी स्टोरी है, जो इस हत्याकांड में कई चौंकाने वाले खुलासे कर सकती है।
हरियाणा-राजस्थान में 25 जगहों पर छापेमारी
आज सुबह करीब 5 बजे से NIA की टीमें एक्टिव हुई और बताई गई लोकेशन पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। जानकारी के अनुसार राजस्थान में 3 जिलों में कार्रवाई हुई। इसमें कुछ बड़े नाम भी हैं, जिनके यहां पर टीमें पहुंची है। राजस्थान में कुल 15 जगहों पर छापेमारी की जानकारी सामने आई है।
जयपुर में कार्रवाई दौरान एनआईए की टीम ने शूटर रोहित राठौड़ की मां और बहन से भी पूछताछ की है। जयपुर के साथ टोंक में भी एनआईए की टीम पहुंची। यहां एक और आरोपी पूजा सैनी के परिजनों से पूछताछ की गई। इसके अलावा झुंझुनूं में ईडी की टीम पहुंची। इसी केस में हरियाणा में 10 जगहों पर NIA ने रेड की है।
कुछ और बड़ी गिरफ्तारी होने की संभावना
NIA ने अजमेर जेल में बंद सभी सातों बदमाशों से पूछताछ की, उसमें कुछ अहम जानकारी NIA के हाथ लगी है। इसमें हथियारों की सप्लाई, आने वाले दिनों में किसे टारगेट किया जाने वाला था, हत्याकांड से पहले दोनों शूटर जयपुर में और जयपुर के आसपास किन-किन लोगों से मिले, जिन लोगों से मिले वह किन लोगों के संपर्क में थे। दोनों शूटरों को सहयोग कर बरगलाने वाले लोगों तक NIA की जांच जाने वाली है। NIA की एकाएक छापेमारी से राजस्थान और हरियाणा में बड़ी गिरफ्तारी होने की संभावना बढ़ गई है।











