भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में शनिवार शाम चार नकाबपोश बदमाशों ने अकाउंटेंट से चाकू की नोक पर 2 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस के मुताबिक, नेताजी एन्क्लेव चूनाभट्टी निवासी दीपेश जोशी (46) बंसल वन कंपनी में अकाउंटेंट हैं। अशोका गार्डन स्थित कंपनी के वर्कशॉप में हर शनिवार को कर्मचारियों को वेतन भुगतान किया जाता है। इसके लिए शनिवार शाम को दीपेश रानी कमलापति रेलवे स्टेशन स्थित कार्यालय से 2 लाख रुपए लेकर वर्कशॉप की ओर निकले थे।
2 बाइक पर चार बदमाश आए थे दीपेश रचना टॉवर स्थित अग्रवाल स्वीट्स के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने चाकू दिखाकर धमकाया। फिर बैग छीनकर फरार हो गए। दीपेश ने शोर मचाया लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते, बदमाश वहां से भाग चुके थे।
नकाब की वजह से पहचान में दिक्कत दीपेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने डर के कारण कोई विरोध नहीं किया और बैग छोड़ दिया। बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहना था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
पुराने कर्मचारियों की जांच कर रही पुलिस पुलिस का मानना है कि लुटेरों ने वारदात से पहले रेकी की थी। उन्हें पता था कि दीपेश हर शनिवार को बड़ी रकम लेकर निकलते हैं। फिलहाल, पुलिस कंपनी के पुराने कर्मचारियों और अन्य संदिग्धों की जानकारी खंगाल रही है।











