संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, दोस्तों के साथ परिचित महिला से मिलने गया था

संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, दोस्तों के साथ परिचित महिला से मिलने गया था

भोपाल: शहर के कमला नगर थाना इलाके में चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसा नया बसेरा मल्टी में हुआ। बताया जाता है कि युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ एक परिचित महिला से मिलने के लिए मल्टी में गया था। महिला अपने घर में घुस गई तो युवक छत पर पहुंच गया और कुछ देर बाद छत से नीचे गिर गया। उसे गंभीर घायल अवस्था में ले जाकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक घंटे तक चले इलाज के उसने दम तोड़ दिया। कमला नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामने में छानबीन शुरू कर दी है।

कोटरा में रहता था मृतक

एसआई राघवेंद्र सिंह के अनुसार 25 वर्षीय दीपेश सिसोदिया कोटरा सुल्तानाबाद में रहता था। वह सीएनजी ऑटो चलाता था। बुधवार को वह अपने दोस्त रितिक और सन्नी के साथ नया बसेरा मल्टी गया था। वहां अपनी पहचान की महिला से तीसरी मंजिल पर मिलने गया था। कुछ देर बात करने के बाद महिला अपने घर में चली गई। वहीं दीपेश उतावला होकर छत पर चला गया। जबकि सन्नी और रितिक नीचे ही मौजूद थे।

सिर में लगी थी गंभीर चोट

इस दौरान दीपेश मल्टी की छत पर कुछ देर टहला और फिर एकदम से नीचे जा गिरा। पहले वह शेड पर गिरा और फिर सड़क गिरा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था। इलाज के एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। उधर, युवक के दोस्तों ने महिला और उसके स्वजनों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस दीपेश की मौत के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

इकलौता बेटा था

मृतक दीपेश के पिता कलेक्टर ऑफिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। दीपेश की मौत के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
Advertisement