मगर, उनकी रैंकिंग्स, उनकी मारक बैटिंग, उनका स्वैग जब असरहीन हो रहा हो, तो टीम मैनेजमेंट एक अहम मैच से पहले इलेवन में बदलाव का सोच सकता है। कुछ ऐसे ही संकेत शुक्रवार को यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिले, जहां प्रैक्टिस सेशन को देखकर लगा कि भारतीय 'थिंक टैंक' शायद 'लेफ्ट' को 'राइट' करने की स्ट्रैटिजी बना रहा है। मतलब यह कि लेफ्टी अभिषेक को बेंच पर बिठाकर एक बार फिर राइट हैडर संजू सैमसन पर दांव लगाया जा सकता है। संजू ने भी पिछले कई मौकों में बहुत अच्छा तो नहीं किया है। मगर जब युवा अभिषेक का कॉन्फिडेंस हिला हो, तो संजू के अनुभव का उपयोग किया जा सकता है।
ईशान-संजू की जुगलबंदी
शुक्रवार की शाम को लाइट्स में आयोजित प्रैक्टिस सेशन में मैच वाली पिच के अगल-बगल दो नेट्स लगाए गए थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के अपने पहले मैच से पूर्व शुरुआती वॉर्मअप और कैचिंग प्रैक्टिस के बाद नेट्स पर बैटिंग शुरू होने से पहले भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर ने अभिषेक से काफी देर तक अकेले में बातचीत की। वॉर्मअप के दौरान फुटबॉल खेलते समय कई बार काफी जोश में दिखे अभिषेक को गौतम की बातें काफी गंभीरता से सुनते देखा गया। ऐसा लगा कि अभिषेक पैड बांधेंगे और सबसे पहले बैटिंग के लिए उतरेंगे।ऐसा हुआ नहीं। पहले वाले नेट्स पर ईशान ने मोर्चा संभाला और उनको बॉलिंग डाली जसप्रीत बुमरा, अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने। कुछ नेट बोलर्स भी थे। शानदार लय में चल रहे ईशान का कॉन्फिडेंस देखते बन रहा था जब वह हर दूसरी, तीसरी गेंद को लंबे सिक्स के लिए उठाकर मार रहे थे। कई बार गेंद स्टैंड्स में जाकर काफी दूर गिरी।बॉलिंग करता नजर आया बैटर नंबर वन
कुछ देर तक अभिषेक शर्मा कहीं नहीं नजर आए। दूसरे नेट्स पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बैटिंग कर रहे थे, जिन्हें ज्यादातर स्पिनर्स बॉल डाल रहे थे। सूर्या भी रौ में थे और किसी भी बॉलर को बख्श नहीं रहे थे। सूर्य को बोलिंग कर रहे कुछ नेट्स बोलर के बीच अचानक अभिषेक भी नजर आए। उन्होंने वहां बाएं हाथ से लगातार बोलिंग की। यह जरूरी नहीं कि एक बैटर प्रैक्टिस सेशन में हर रोज बैटिंग करे।इस आधार पर यह भी निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि वह अपनी बोलिंग को तराशने का काम कर रहे थे। जो बैटर वर्ल्ड कप की तीन इनिंग्स में खाता नहीं खोल सका हो, उससे 'एक्स्टेंडेड बैटिंग सेशन' की उम्मीद की जाती है। अभिषेक ने बॉलिंग डालने के बाद कुछ देर आराम भी किया। ईशान इस बीच स्पिनर्स वाले नेट्स पर गए तो संजू भी उनके साथ हो लिए। संजू स्पिनर्स के खिलाफ सहज नजर आए। अभिषेक सेशन के आखिर में नेट्स पर गए। नेट्स पर जाने से पहले वह वॉशिंगटन सुंदर से टिप्स लेते दिखे।











