एशियन गेम्स में परफेक्ट 10 का शॉट और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने चीन को ऐसे हराकर जीता गोल्ड मेडल
नागोया: जापान के नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 के 11वें दिन भारत को आर्चरी से बहुत बड़ी खुशखबरी मिली है। भारत की महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। यह इन खेलों में भारत का 7वां गोल्ड मेडल है। तनिपार्थी चिकिता, प्रदीप प्रीतिका और वेन्नम ज्योति सुरेखा की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल मुकाबले में चीन को 238-234 के अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया के 238 अंकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
आखिरी दौर में भारतीय तीरंदाजों ने अद्भुत संयम और महारत का प्रदर्शन किया। भारत ने लगातार 6 के 6 शॉट्स 10 पॉइंट पर दागे (10, 10, 10, 10, 10, 10) और कुल 238 का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में चीनी टीम 234 अंकों पर ही सिमट गई।
