नेत्र जांच शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, नेत्रदान के लिए किया गया जागरूक

नेत्र जांच शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, नेत्रदान के लिए किया गया जागरूक
भोपाल l आज हर्षवर्धन नगर, भोपाल में एका वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच करवाई और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा न केवल नेत्र परीक्षण किया गया, बल्कि आंखों की देखभाल से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी प्रदान की गईं। साथ ही, नेत्रदान जैसे महान कार्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि नेत्रदान से अंधत्व को हराया जा सकता है और यह एक जीवनदायिनी दान है।

इस अवसर पर फाउंडेशन की अध्यक्ष सुश्री नेहा बग्गा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने जन्मदिवस के अवसर पर शिविर के आयोजन का उद्देश्य साझा करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सुरेश अवत्रमाणी जी ( पूर्व पीआरओ राज्यपाल मध्य प्रदेश),  विशिष्ट अतिथि श्री राजेश हिंगोरानी जी  (MIC) की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और नेत्रदान के संकल्प के साथ किया गया। फाउंडेशन ने भविष्य में और अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना की घोषणा भी की।
Advertisement