पनागर में बालिका तो गढ़ा में कालेज छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म, मदनमहल में अधेड़ ने छेड़ा

पनागर में बालिका तो गढ़ा में कालेज छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म, मदनमहल में अधेड़ ने छेड़ा

जबलपुर । जिले में महिला अपराध से जुड़ी तीन घटनाएं हुई। तीनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्र की हैं। पनागर में एक बालिका के साथ स्वजन ने दुष्कर्म किया। मदनमहल थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही बालिका के साथ एक अधेड़ ने छेड़छाड़ का प्रयास किया। वहीं, गढ़ा थाना क्षेत्र में एक कालेज छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। तीनों मामले में पुलिस ने मंगलवार को मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


घर पर अकेली थी, बहलाकर साथ ले गया


पनागर थाना क्षेत्र निवासी नौ वर्षीय बालिका के माता-पिता श्रमिक हैं। दोनों सुबह घर से काम पर निकलते हैं और शाम को लौटते हैं। इस कारण बालिका दिन में घर पर अकेली रहती है। अवसर देखकर पड़ोस में रहने वाला एक स्वजन बालिका के घर गया। उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जहां, पर उसके साथ दुष्कर्म किया।


माता-पिता, बच्ची को लेकर रात में ही थाने गए


माता-पिता को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शाम को जब माता-पिता लौटे तो बालिका गुमसुम थी। वह बीमार लग रही थी। पूछताछ करने पर उसने आपबीती बताई। माता-पिता, बच्ची को लेकर रात में थाने गए। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को गिरफ्तार किया, जिसे न्यायालय के निर्देश पर कारागार भेज दिया गया है।


होटल में छात्रा से दुष्कर्म


गढ़ा थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय छात्रा 18 सितंबर को अपने कालेज जा रही थी। उसका पीछा करते हुए मोटरइसाकिल से शैफ अली पहुंचा। छात्रा को बीच रास्ते में रोका। अपनी मोटरसाइकिल में बैठने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर धमकाते हुए उसे अपनी गाड़ी बैठाया।


किसी को कुछ बताने पर बदनाम करने की धमकी


जबरन उसे एक होटल में ले गया। जहां, पर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे मुंह बंद रखने कहा। किसी को कुछ बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपित शैफ के विरुद्ध अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।


बालिका रोने लगी तो धमकी देकर भागा


मदनमहल थाना क्षेत्र में दो बालिकाएं अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक 57 वर्षीय व्यक्ति आया। एक बालिका के साथ छेड़छाड़ का प्रयास करने लगा। उसके आपत्तिजनक व्यवहार से बालिका असहज हो गई। वह रोने लगी। शोर होने पर आरोपित भाग गया।


बालिका को धमकी दे गया कि जान से मार देगा


जाते-जाते वह बालिका को धमकी दे गया कि जान से मार देगा। घटना 29 अक्टूबर की है। बालिकाओं ने घर जाकर अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। आरंभिक जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपित के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया। मंगलवार को आरोपित को गिरफ्तार किया। उसे जेल भेज दिया गया है।

Advertisement