भोपाल। पिपलानी इलाके में पुलिस ने एक युवक की रिपोर्ट पर तीन-चार लड़कों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पिपलानी पुलिस के मुताबिक विशाल वर्मा (26) पचास क्वार्टर पिपलानी में रहता है और एक निजी मोबाइल कंपनी में प्रमोटर का काम करता है। मंगलवार रात वह अपने मोहल्ले में खड़ा था, जहां एक गमी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच उसने देखा कि तीन-चार लड़के अकारण ही कार्यक्रम स्थल पर पत्थर फेंक रहे हैं। उसने उन लड़कों को पत्थर फेंकने से मना किया तो लड़कों ने उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए उस पर डंडे से हमला कर दिया। इससे विशाल के सिर और शरीर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया तो सभी लड़के वहां से भाग निकले। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार वाहन टक्कर से मवेशी की तड़प-तडपकर मौत
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से डिवाइडर के पास बैठे मवेशी की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक प्रशांत पटेल (31) रत्नागिरी पिपलानी में रहते हैं और कपड़ों का व्यवसाय करते हैं। प्रशांत ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब सवा बारह बजे वह मेन रोड से निकल रहे थे, तभी हनुमान मंदिर के सामने रोड पर डिवाइडर के पास बैठे एक मवेशी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और पिपलानी पेट्रोल पंप की तरफ भाग निकला। उन्होंने पास जाकर देखा तो मवेशी को गंभीर चोट आई थी और कुछ ही देर में तड़पकर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अंधेरा होने के कारण वह टक्कर मारने वाले वाहन का नंबर नहीं देख पाए थे।











