MP में 9 आईएएस के ट्रांसफर, राजेश राजौरा की जगह नीरज मंडलोई होंगे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव

MP में 9 आईएएस के ट्रांसफर, राजेश राजौरा की जगह नीरज मंडलोई होंगे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर मंत्रालय के महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाल रहे अधिकारियों की पदस्थापना में बड़ा बदलाव किया है। डॉ. राजेश कुमार राजौरा की जगह नीरज मंडलोई को मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव (एसीएस) पदस्थ किया है।

मंडलोई को नई जिम्मेदारी देने के साथ ही ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी भी यथावत रखी गई है। वहीं राजौरा पहले की तरह ही एनवीडीए और जल संसाधन विभाग का काम देखते रहेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय में चौथी बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इसके पहले मुख्यमंत्री के सचिव भरत यादव, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह और संजय शुक्ल भी पदस्थ थे।

संजय दुबे को नगरीय विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी

रविवार देर रात कुल नौ आइएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। नगरीय विकास की दृष्टि से एकीकृत विकास योजना, मेट्रोपालिटिन जैसे बड़े कदम उठाए जाने हैं। ऐसे में संजय दुबे को नगरीय विकास एवं आवास विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वे लगातार आईटी सेक्टर की नीति नई योजनाएं लेकर आए थे, पदोन्नति नियम में सक्रियता से भागीदारी निभाकर उन्होंने मुख्यमंत्री का भरोसा हासिल कर लिया है।

फाइल तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रही थी

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ल के रहते विभाग की महत्वपूर्ण फाइल तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसके कारण सिंहस्थ सहित विभाग के कई महत्वपूर्ण निर्णय नहीं हो पा रहे थे। मुख्य सचिव अनुराग जैन भी उनके कामकाज से संतुष्ट नहीं थे। माना जा रहा है कि इसी कारण उन्हें हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में पदस्थ किया गया है।

एम. सेलवेंद्रन कार्मिक एवं कृषि विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें कृषि विभाग से कार्यमुक्त कर केवल सचिव कार्मिक का काम सौंपा गया है। इधर, अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर तन्वी हुड्डा को प्रबंध संचालक मप्र वित्त विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं डीपी अहूजा के कार्यभार ग्रहण करने पर अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल केवल सहकारिता विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।


Advertisement