भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दल और चुनाव कार्य के लिए लगभग 17 हजार अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके सामूहिक मतदान के लिए लाल परेड मैदान में सुविधा केंद्र बनाए गए हैं। जहां गुरुवार को पुलिस कर्मचारी और शासकीय कर्मचारियों ने डाक मतपत्र से मतदान किया है। इसके अलावा 80 साल से अधिक आयु और दिव्यांग 26 मतदाताओं से भी घर-घर जाकर मतदान दलों ने मतदान कराया। शासकीय कर्मचारियों के मतदान की प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रहेगी।
बनाए गए विशेष मतदान केंद्र
जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव में तैनात पुलिस कर्मचारियों ने गुरुवार को डाक मतपत्र से अपने मत डाले हैं। लाल परेड मैदान में सुबह से मतदान शुरू हो गया था इसके लिए विशेष मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां सुबह से ही पुलिसकर्मी मतदान करने के लिए पहुंच गए थे। जो पुलिसकर्मी मतदान करने से रह गए हैं, वे शुक्रवार को वोट डाल सकेंगे। गुरुवार को कुल दो हजार 103 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचरियों ने मतदान किया है। जबकि एक हजार 465 शासकीय कर्मचारियों ने मतदान किया है। अब तक कुल छह हजार 302 डाक मतपत्र से मतदान किए जा चुके हैं।
26 बजुर्गों व दिव्यांगों ने घर से किया मतदान
वहीं दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक आयु वाले कुल 2510 मतदाताओं के मतदान कराए जाने हैं। गुरुवार को ऐसे कुल 26 मतदाताओं से घर से मतदान कराया गया। इस तरह अब तक कुल दो हजार 422 मतदान हो चुके हैं।











