तमिलनाडु सड़क हादसे में 6 की मौत, बेकाबू लॉरी ने तीन टू व्हीलर्स को मारी टक्कर
चेन्नै: तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बेकाबू लॉरी ड्राइवर ने तीन दो पहिया वाहनों को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक टिप्पर लॉरी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और दोपहिया वाहनों को टक्कर मारता हुआ निकल गया।
तेज स्पीड में थी लॉरी
लॉरी तेज रफ्तार में थी जिसने एक के बाद एक तीन दोपहिया वाहनों में टक्कर मार दी। टिपर लॉरी ने गाड़ियों में ही नहीं बल्कि पैदल यात्रियों को भी टक्कर मारी, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चेंगलपट्टू में पुलिस सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि दुर्घटना का कारण बनी लॉरी का चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।











