फ्रेंच डिजाइनर Christian Louboutin ने हाल में इंडिया वेडिंग एडिट लॉन्च करते हुए कहा था कि दुनिया में भारतीय शादी से ज्यादा रंगीन और खर्चीला दुनिया में कुछ नहीं हो सकता। इंडिया वेडिंग एडिट पुरुषों और महिलाओं के शू स्टाइल और हैंगबैग का कलेक्शन है। ब्रांड ने पहले भी इंडिया कलेक्शंस उतारे हैं लेकिन उसने पहली बार खासतौर पर भारतीय शादियों के लिए कलेक्शन निकाला है। ये कलेक्शन नई दिल्ली और मुंबई में Christian Louboutin स्टोर्स में उपलब्ध होंगे। लग्जरी डिजाइनर्स से लेकर जूलरी ब्रांड्स और होटल तक इस वेडिंग सीजन में जबरदस्त बिजनस की उम्मीद कर रहे हैं।
होटलों की चांदी
होटल चेन हिल्टन में वाइस प्रेसिडेंट और कमर्शियल डायरेक्टर मनी तोलानी ने कहा कि 2019 की तुलना में इस साल वेडिंग रेवेन्यू तीन गुना बढ़ चुका है। होटल ने 2021 में वेडिंग डायरीज बाय हिल्टन इनिशिएटिव लॉन्च किया था। इसके तहत पूरे देश में हिल्टन ग्रुप के होटलों में शादियों की मेजबानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इंडियन वेडिंग मार्केट करीब 50 से 60 अरब डॉलर का है। देश में वेडिंग इंडस्ट्री 25 से 30 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रही है। जयपुर में हिल्टन होटलों का 60 परसेंट बिजनस शादियों से आता है। अब उसकी जैसलमेर, उदयपुर और जोधपुर में भी होटल खोलने की योजना है। विदेशों खासकर साउथईस्ट एशिया, मिडिल ईस्ट, तुर्की और यूरोप में भी हिल्टल ग्रुप के होटलों में वेडिंग बिजनस का रेवेन्यू बढ़ रहा है।Maison Shantnu & Nikhil के सीईओ और को-फाउंडर शांतनु मेहरा ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद लोग जमकर खर्च कर रहे हैं। वे खास चीजों के लिए ज्यादा कीमत देने को तैयार हैं। जूलरी ब्रांड Aulerth के फाउंडर विवेक रामभद्रन ने इस वेडिंग सीजन में रेवेन्यू के चार गुना बढ़ने की उम्मीद जताई। Aulerth का दावा है कि वह दुनिया की पहली मल्टीडिजाइनर जूलरी कंपनी है जो डिजाइनर जेजे वालिया, शिवन एंड नरेश और सुनीत वर्मा के साथ मिलकर खास तरह की जूलरी बना रही है।











