छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली। कांकेर जिले के माड़ इलाके में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को ढेर कर दिया। सभी के शव बरामद हो गए हैं। इनमें नक्सली लीडर शंकर राव भी शामिल है।
मुठभेड़ में BSF इंस्पेक्टर रमेश चौधरी सहित 3 जवान घायल हुए हैं। इनमें 2 DRG के जवान हैं। मौके से 5 AK-47 बरामद की गईं। घायल जवानों को हेलिकॉप्टर से रायपुर लाया गया। DRG का घायल जवान सूर्यवंशी श्रीमाली धमतरी जिले के नगरी का रहने वाला है।
कांकेर सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा
4 दिन बाद 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट पर वोटिंग होनी है। कांकेर लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में मतदान होना है। इसके लिए नामांकन फॉर्म भी भरे जा चुके हैं। कांकेर में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी।
साढ़े पांच घंटे चली मुठभेड़
सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ साढ़े 5 घंटे चली। DIG इंटेलिजेंस आलोक कुमार सिंह ने बताया, पिछले कुछ दिनों से कांकेर इलाके में नक्सलियों के मूवमेंट के इनपुट्स मिल रहे थे। इसके बाद पुलिस और BSF ने ऑपरेशन की तैयारी की। इसी के तहत आज का ऑपरेशन प्लान किया गया।
नक्सलियों को दोपहर करीब एक बजे घेर लिया गया। 2 बजे मुठभेड़ शुरू हुई और शाम को 7.30 बजे तक यह चली। इस दौरान, सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शव भी बरामद भी किए।
8-8 लाख का इनाम था शंकर और ललिता पर
मुठभेड़ में मारे गए शंकर राव और ललिता माड़वी DVC रैंक के नक्सली लीडर थे। दोनों पर 8-8 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस ने मौके से 4 ऑटोमैटिक हथियार भी जब्त किए हैं।
गांव-गांव में लग रहे नक्सलियों के पोस्टर
कबीरधाम जिले में नक्सलियों की सूचना देकर उन्हें पकड़वाने वाले को 5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। SP अभिषेक पल्लव ने इनाम के साथ ही पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया है। सूचना देने के लिए एक हेल्प लाइन नंबर 78988 15399 भी जारी किया गया है। इसके लिए जवान गांव-गांव में नक्सलियों की तस्वीर वाले पोस्टर दीवारों पर लगा रहे हैं।











