भोपाल। जिले में सात विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए मतदान दल और चुनाव कार्य में लगभग नौ हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनको ईवीएम, माक पोल, मतदान, मतदान सामग्री लेने से लेकर जमा कराने तक की जानकारी देने के लिए सोमवार से बुधवार तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण रखा गया था। इस प्रशिक्षण में लगभग 240 कर्मचारी गायब रहे तो वहीं 153 चुनावी परीक्षा में असफल हो गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने गायब रहे कर्मचारियों को नोटिस जारी कर गुरुवार को होने वाले प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए अंतिम मौका दिया है। यदि वह शामिल नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
इन केंद्रों पर दिया गया कर्मचारियों को प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय और शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित प्रशिक्षण में कुल 2232 कर्मचारी शामिल हुए। साथ ही कुल 64 कर्मचारी गायब रहे ओर परीक्षा में 11 कर्मचारी फेल हो गए। अब तक फैल हुए 142 कर्मचारियों को भी दोबारा से प्रशिक्षण दिया गया, वहीं बुधवार को फैल हुए 11 कर्मचारियों को गुरुवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान गायब और अतिरिक्त कर्मचारियों को मतदान की बारीकियां सहित अन्य आवश्यक जानकारी दी जाएगी।











