अवधपुरी के साईं मंदिर में श्रद्धालुओं को बांटा 24 क्विंटल खिचड़ी का प्रसाद, गिनीज रिकार्ड से चूके

अवधपुरी के साईं मंदिर में श्रद्धालुओं को बांटा 24 क्विंटल खिचड़ी का प्रसाद, गिनीज रिकार्ड से चूके
भोपाल । राजधानी के अवधपुरी में आधारशिला स्थित साईं मंदिर में रविवार को स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिर के संस्थापक आरके महाजन द्वारा 37 क्विंटल खिचड़ी का भोग बनाने का रिकार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि इस रिकार्ड को साधने में कसर रह गई। मंदिर परिसर में बने 12 हजार लीटर के महाकड़ाह में 24 क्विंटल खिचड़ी तैयार कर बड़ी संख्या में साईं भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित की गई। रविवार सुबह आठ बजे से मंदिर प्रांगण में स्थायी रूप से लगाए गए महाकड़ाह में खिचड़ी बननी शुरू हुई। खिचड़ी पकने के बाद साईं बाबा को भोग लगाया गया। इसके बाद 20 हजार लोगों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक खिचड़ी वितरण का सिलसिला चलता रहा। लोग प्रसादी पाने के लिए घरों से बर्तन लेकर भी मंदिर पहुंचे।


वर्ल्ड रिकार्ड की थी तैयारी, पिछला रिकार्ड ही नहीं छू पाए 

इससे पहले अप्रैल में 29 क्विंटल खिचड़ी पकाई गई थी। उसकी वीडियोग्राफी कराकर गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के लिए भेजा गया था, लेकिन इसका प्रमाण पत्र नहीं मिला था। इसीलिए इस बार 37 क्विंटल खिचड़ी प्रसाद पकाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इस बार 24 क्विंटल 44 किलो 300 ग्राम खिचड़ी पकाई गई।

 

धूमधाम से मनाते हैं स्थापना दिवस

 स्थापना दिवस पर हर बार बनती है खिचड़ी। मंदिर समिति से जुड़े कमलेश नागपुरे ने बताया कि सांई आधारशिला अवधपुरी मंदिर का स्थापना दिवस 15 अक्टूबर को आता है। हर वर्ष यहां खिचड़ी बनाई जाती है। अब बड़े स्तर पर खिचड़ी बनाई जाने लगी है।

Advertisement