दिल्ली में 21 ट्रेनें लेट श्रीनगर की डल झील पर बर्फ की परत, माइनस 5º पहुंचा पारा

दिल्ली में 21 ट्रेनें लेट श्रीनगर की डल झील पर बर्फ की परत, माइनस 5º पहुंचा पारा
  • नए साल के पहले दिन भी मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के 19 राज्यों में कोहरा देखने को मिला। उत्तर भारत के कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। विजिबिलिटी कम होने के कारण 21 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं चल सकीं।
    उधर, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी देखने को मिली। श्रीनगर में पारा माइनस 5º सेल्सियस तक पहुंच गया। डल झील पर हल्की बर्फ की परत देखने को मिली है।
    वहीं, पंजाब के कई जिलों में तापमान 6º-9º सेल्सियस के बीच पहुंच गया। घने कोहरे के कारण पंजाब सरकार ने स्कूलों का टाइम बदल दिया। अब स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही लगेंगे। यह नियम 14 जनवरी तक लागू रहेगा।
    राजधानी दिल्ली में सर्दी से राहत देखने को मिली है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.1º सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 16º सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

    आगे कैसा रहेगा मौसम?
    प्राइवेट वेदर फोरकास्ट एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक पंजाब और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिन तक बहुत घना कोहरा होने की संभावना है।

    उधर, IMD के मुताबिक, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल में 2 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।



Advertisement