वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 2 पॉइंट्स कटे, मैच फीस का 10% फाइन, छठे नंबर पर खिसकी

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 2 पॉइंट्स कटे, मैच फीस का 10% फाइन, छठे नंबर पर खिसकी

टीम इंडिया पर सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया गया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती टेस्ट में दो ओवर कम फेंकने के कारण रोहित शर्मा की टीम के दो ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स काट लिए गए हैं, साथ ही टीम पर मैच फीस का 10% जुर्माना भी लगाया गया है।

एमिरेट्स ICC एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के क्रिस ब्रॉड ने भारत को टारगेट से दो ओवर पीछे रहने के बाद यह सजा सुनाई।

आर्ट‍िकल 2.22 के अनुसार टीम इंडिया पर यह जुर्माना लगाया गया
ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्ट‍िकल 2.22 के अनुसार टीम इंडिया पर यह जुर्माना लगाया गया। जो मिन‍िमम ओवर-रेट से संबंधित है। इसमें खिलाड़ियों को तय समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने वाले प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 5% जुर्माना लगाया जाता है।

टीम इंडिया प्वाइंट्स टेबल में छठे नंबर पर ख‍िसकी
स्लो ओवर रेट के लिए प्वाइंट्स काटे जाने के बाद टीम इंडिया की स्थिति WTC पॉइंट्स टेबल में कमजोर हो गई। साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम इंडिया 16 पॉइंट्स के साथ 5वें नंबर पर थी। लेकिन, पॉइंट्स कटने के बाद उसके 14 अंक रह गए गए और टीम छठे स्थान पर खिसक गई।

साउथ अफ्रीका ने पहले टेस्ट में भारत को पारी और 32 रन से हराया
सेंचुरियन टेस्ट में भारत तीसरे ही दिन पारी और 32 रन से हार गया। साउथ अफ्रीका ने टीम को दूसरी पारी में 131 रन पर ऑलआउट कर दिया। विराट कोहली ने फिफ्टी लगाई, बाकी बैटर्स कुछ खास नहीं कर सके। साउथ अफ्रीका से नांद्रे बर्गर को 4 विकेट मिले।

मंगलवार को सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान पर साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहली पारी में केएल राहुल की सेंचुरी के दम पर 245 रन बनाए। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 408 रन बनाए, डीन एल्गर ने 185 रन बनाए। भारत 163 रन से पिछड़ रहा था लेकिन टीम 131 रन ही बना सकी।

साउथ अफ्रीका से पहली पारी में 185 रन बनाने वाले डीन एल्गर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वह अपने करियर की आखिरी सीरीज खेल रहे हैं।

पहले टेस्ट में जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा और आखिरी टेस्ट 3 जनवरी 2024 से केप टाउन में खेला जाएगा।


Advertisement