भोपाल । विधानसभा चुनाव कराने के लिए मतदान दल के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में दूसरे दिन कुल तीन हजार 288 कर्मचारी शामिल हुए। हालांकि दूसरे प्रशिक्षण में भी 72 कर्मचारी अनुपस्थित रहे, जिन्हें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने नोटिस जारी किए हैं। इस तरह अब कुल 172 मतदानकर्मी प्रशिक्षण से गायब रहे हैं। जिन्हें नोटिस जारी कर गुरुवार को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए कहा गया है। यदि वह इस प्रशिक्षण में भी शामिल नहीं होंगे तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दो दिन चले प्रशिक्षण में 142 कर्मचारी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके हैं। इन्हें दोबारा से मतदान प्रक्रिया और ईवीएम के बारे में जानकारी दी जा रही है।
दो केंद्रों पर चल रहा प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार जिले में मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए कुल नौ हजार 18 कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से दिया जा रहा है जो कि बुधवार तक चलेगा। यह प्रशिक्षण शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय और शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में शामिल हों।
प्रशिक्षण में ये सिखाया जा रहा
सोमवार को चुनाव परीक्षा में फैल हुए 98 कर्मचारियों को दोबारा से प्रशिक्षण दिया गया और वहीं मंगलवार को 42 कर्मचारी फैल हो गए हैं, जिन्हें बुधवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिन चलने वाले प्रशिक्षण के दौरान मतदान दल कर्मचारियों को ईवीएम, माकपोल, मतदान सामग्री लेने से लेकर जमा कराने तक की जानकारी दी जा रही है।











