भोपाल में आखिरी दिन 1477 कर्मचारियों ने लिया चुनाव प्रशिक्षण

भोपाल में आखिरी दिन 1477 कर्मचारियों ने लिया चुनाव प्रशिक्षण

भोपाल । विधानसभा चुनाव में लगभग तीन हजार कर्मचारियों को ड्यूटी से पहले ईवीएममाक पोल, मतदान, मतदान सामग्री लेने से जमा करने तक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दूसरे चरण के प्रशिक्षण के अंतिम दिन गुरुवार को 1477 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। जबकि इस दौरान भी कुछ कर्मचारी अनुपस्थित रहे। अब उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने गुरुवार को प्रशिक्षण में सभी कर्मचारियों को शामिल होने के निर्देश दिए थे और अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतवानी भी दी थी।

कुल 1484 कर्मचारियों को लेना था अंतिम प्रशिक्षण

जानकारी के अनुसार जिले में मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए कुल नौ हजार 18 कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से बुधवार तक दिया गया। यह प्रशिक्षण शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय और शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित किया गया है। इसके उपरांत गुरुवार को अंतिम प्रशिक्षण रखा गया, जिसमें शामिल एक हजार 477 कर्मचारियों में रिजर्व और तीन दिन तक गायब रहे कर्मचारी शामिल हुए। अंतिम प्रशिक्षण में कुल एक हजार 484 कर्मचारियों के लिए जगह आवंटित की गई थी। इनमें से कुल एक हजार 443 उपस्थित हुए और 41 अनुपस्थित रहे, जबकि 34 अतिरिक्त कर्मचारी भी शामिल हुए। इस तरह कुल 1477 कर्मचारी शामिल हुए, जबकि अनुपस्थित 41 कर्मचारियों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षण के साथ हुई चुनाव संबंधी परीक्षा में सभी कर्मचारी पास हो गए।
Advertisement