भोपाल। राजधानी में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसको देखते हुए मलेरिया विभाग डेंगू लार्वा सर्वे का काम तेज कर दिया है। शनिवार काे डेंगू के नए 13 मामले सामने आए हैं। बढ़ते मामले को देखते हुए विभाग कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं जिला मलेरिया अधिकारी डा. अखिलेश दुबे ने बताया कि अब वह शनिवार और रविवार को भी लार्वा सर्वे का काम करेंगे। इसलिए रविवार को भी नगर निगम अमले ने घर-घर पहुंचकर डेंगू लार्वा सर्वे किया।
दो अवकाश के दिनों में कोलार क्षेत्र में तीन घरों में लार्वा मिलने पर स्पाट फाइन की कार्रवाई की गई। इनमें तीन लोगों पर करीब सोलाह सौ का जुर्माना किया गया है। ऐसे ही रविवार को भी करीत तीन लोगों पर 18 सौ का जुर्माना किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि शनिवार को डेंगू के 13 नए मामले सामने आए। शनिवार को लैब बंद होने पर किसी तरह का नुकसान नहीं हो सका। इधर, कोलार क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 80, जोन 18 में लार्वा सर्वे पखवाड़े के दौरान मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीम ने डेंगू पाजिटिव केस का पुन: परीक्षण भी किया है। अब तक राजधानी में इस साल के सीजन में डेंगू को 570 मामले सामने आ चुके हैं।











